प्याज के बढ़ते दामों को लेकर अभी तक आपने सोशल मीडिया पर जोक सुने होंगे, लेकिन अब इन परिस्थितियों से परेशान लोग असल जिंदगी में भी प्याज से कारोबार में बढ़ोत्तरी की कोशिश कर रहे हैं। रेलवे रोड स्थित एक मोबाइल दुकान के मालिक द्वारा निकाला गया ऑफर लोगों में चर्चा का विषय बना हुआ है। मोबाइल दुकानदार एक मोबाइल की बिक्री पर एक किलो प्याज मुफ्त दे रहा है। उसका दावा है कि इस ऑफर के बाद ग्राहकों की संख्या बढ़ी है।
पिछले कुछ दिनों से प्लाज के दाम बढ़े हुए हैं। ऐसे में लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर ग्रहणियों के रसाई का बजट बिगड़ गया है। प्याज की स्थिति का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि शादी समारोह में सलाद से भी प्लाज गायब हो चुकी है। इसी बात के चलते प्याज की बढ़ती कीमतों का फायदा लोग अपने कारोबार में करने लगे हैं।
रेलवे रोड स्थित सिटी प्लाजा में एक मोबाइल सेंटर के मालिक ने एक मोबाइल की खरीद पर एक किलो प्याज मुफ्त देने का ऑफर शुरू किया है। सेंटर के मालिक सूरज का कहना है कि इस ऑफर के बाद उनके ग्राहकों की संख्या में वृद्धि हुई है। लोग काफी संख्या में मोबाइल के साथ प्याज लेने में उनकी दुकान पर पहुंच रहे हैं। यह ऑफर लोगों में भी चर्चा का विषय बना हुआ है।