कोहरे की मार से ट्रेन लेट, यात्री परेशान
हापुड़। कोहरे ने ट्रेनों की रफ्तार बिगाड़नी शुरू कर दी है। हापुड़ रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को आधा दर्जन ट्रेन घंटों की देरी से पहुंची। ट्रेनों के लेट होने से रेलयात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। कोहरा पड़ने की वजह से अभी आगे भी ट्रेन लेट होने की संभावना बनी हुई है।
अब मौसम में बदलाव आने के बाद सुबह-शाम को कोहरा भी पड़ने लगा है। कोहरे ने ट्रेनों को लेट करना शुरू कर दिया है। स्टेशन अधीक्षक एमआर मीना ने बताया कि शुक्रवार को संगम एक्सप्रेस डेढ़ घंटा, सत्याग्रह एक्सप्रेस दो घंटे, सरयू यमुना एक्सप्रेस साढ़े पांच घंटे, फैजाबाद एक्सप्रेस दो घंटे, पद्मावत एक्सप्रेस सवा घंटे, नौचंदी एक्सप्रेस दो घंटे की देरी से हापुड़ रेलवे स्टेशन पहुंची। सुबह-शाम को कोहरे की वजह पैसेंजर ट्रेनों की रफ्तार भी प्रभावित रही।
ऐसे में यात्रियों को स्टेशन पर ही घंटों इंतजार करना पड़ा। ट्रेनों के लेट होने से परेशानियों का भी सामना करना पड़ा। उन्होंने बताया कि अभी आगे भी कोहरे की वजह से ट्रेनों की रफ्तार प्रभावित होगी, जिससे रेलयात्रियों को परेशानी नहीं हो। इसके लिए ट्रेनों के आने जाने के समय और ट्रेनों के रद्द होने की जानकारी लोगों को दी जा रही है।