प्याज के बढ़ते दामों पर फूटा आप कार्यकर्ताओं का गुस्सा
हापुड़। प्याज के बढ़ते दामों के विरोध में आप कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम कार्यालय में सौंपकर, देश में 32 हजार टन प्याज सड़ जाने के मामले की जांच कराने की मांग उठाई। साथ ही सभी जिलों में स्टॉल लगवाकर, लोगों को सस्ते दामों पर प्याज उपलब्ध कराने की मांग की।
पार्टी के जिलाध्यक्ष डा.नरेंद्र सोलंकी ने कहा कि प्याज पर बढ़ती महंगाई से रसोई का बजट बिगड़ गया है। जमाखोरी के चलते प्याज के दाम आसमान छू रहे हैं। संसद में केंद्रीय खाद्य मंत्री रामविलास पासवान ने जानकारी दी थी, कि करीब 32 हजार टन प्याज सड़ जाने से दामों में इजाफा हुआ है।
उन्होंने कहा कि इतनी अधिक मात्रा में प्याज सड़ने से सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि सरकार प्याज के रख रखाव को लेकर कितनी गंभीर है। आज आम जनता को प्याज का स्वाद चखने के लिए कई बार सोचना पड़ रहा है। सरकार को जमाखोरी कम कर, लोगों को मुनासिब दामों पर प्याज दिलानी चाहिए।
इस मांग को लेकर कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम कार्यालय में सौंपा। इस मौके पर सीएम चौहान, धर्मेंद्र राव, उदयवीर, ऋषिपाल सैनी, चौधरी ब्रह्मपाल, आजाद, डा.मनोज तोमर, शाहबाज खान, बिजेंद्र चौधरी, रोहताश, वकील, आतिफ आदि मौजूद रहे।