नगर पालिका ने स्वच्छता में बेहतर रैंक पाने की कवायद शुरू कर दी है। स्वच्छता सर्वेक्षण 2020 को लेकर जहां शहर भर में सफाई अभियान चलाया जा रहा है वहीं स्वच्छता मोहुआ एप के माध्यम से लोगों की समस्याओं का निस्तारण भी कराया जा रहा है। इस एप के माध्यम से जो भी समस्याओं का निस्तारण होगा, उससे पालिका की रैंक और बेहतर होगी। पालिका ने इस एप का प्रचार प्रसार तेजी से शुरू कर दिया है।
स्वच्छता सर्वेक्षण 2020 को लेकर काउंट डाउन शुरू हो चुकी है। जल्द ही हापुड़ में स्वच्छता सर्वेक्षण करने को टीम पहुंच जाएंगी। टीमें निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए साफ-सफाई की जांच पड़ताल करेंगी। शहर में सफाई व्यवस्था का भी लिटमस टेस्ट होगा। जिसके माध्यम से शहर में साफ सफाई व्यवस्था किस दर्जे है, कूड़ा निस्तारण आदि मानकों की स्थिति पता चल सकेगी। नगर पालिका अफसरों ने स्वच्छता सर्वेक्षण को लेकर तैयारियां करनी शुरू कर दी है। इसके लिये सफाई निरीक्षक व कर्मचारियों की हर माह होने वाली बैठकों में दिशा निर्देश दिए जा रहे हैं।
अब नगर पालिका ने स्वच्छता मोहुआ एप के बारे में भी लोगों को जानकारी देनी शुरू कर दी है। शहरवासियों को पंपलेट, सोशल मीडिया व बैठक कर जानकारी दी जा रही है। जिससे शहर को स्वच्छता सर्वेक्षण 2020 में उच्च रैकिंग दिलाई जा सके।
नगर पालिका ईओ जेके आनंद ने बताया कि स्वच्छता मोहुआ एप के बारे में लोगों को जागरूक किया जा रहा है। लोग स्वच्छता एप के माध्यम से अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। स्वच्छता सर्वेक्षण 2020 में भी प्रतिभाग कर सकते हैं।