बेसिक शिक्षा विभाग में एक सीट पर पांच साल से जमे लिपिक हटेंगे
हापुड़। बेसिक शिक्षा विभाग में पांच साल से एक ही सीट पर जमे लिपिकों को हटाने की तैयारी शुरू हो गई है। शासन के मामले में संज्ञान लेते ही स्कूल शिक्षा महानिदेशक ने पत्र जारी कर ऐसे बाबू को हटाने के आदेश जारी किए हैं। अधिकारियों से सूची भी तलब की गई है।
बेसिक शिक्षा विभाग में जिला और ब्लॉक स्तर पर कई वरिष्ठ, कनिष्ठ लिपिक ऐसे हैं जो बीते कई साल से एक ही सीट पर जमे हैं। जब कभी इन्हें हटाने की बात कही जाती है तो यह किसी न किसी बहाने से तबादला रुकवा लेते हैं। इस तरह की शिकायतें पहुंचने के बाद शासन ने कड़ा रुख अपनाया। जिसके बाद स्कूल शिक्षा महानिदेशक ने सभी जिलों के बीएसए को पत्र जारी कर दिया है। कार्रवाई से पहले लिपिक अधिकारियों के साथ मिलकर कोई खेल ना करें, इसके लिए पूर्व में ही ऐसे बाबुओं की सूची शासन ने तलब कर ली थी। जिसे अब अधिकारियों को भेज दिया गया है
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी देवेंद्र गुप्ता का कहना है कि शासन के आदेशों का पालन किया जाएगा। आदेशों की अवहेलना करने वालों पर कार्रवाई होगी।