मुठभेड़ के बाद कथित गोकशी में तीन बदमाश दबोचे
हापुड़। हाफिजपुर थाना क्षेत्र के गांव बड़ौदा सिहानी के जंगल में कथित गोकशी कर रहे बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने घेराबंदी कर तीन आरोपियों को दबोच लिया, जबकि एक फरार हो गया। इनके पास से पुलिस ने कथित गोमांस, तीन तमंचे और उपकरण आदि बरामद किए हैं। पुलिस आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई कर रही है।
हाफिजपुर थाना प्रभारी निरीक्षक अविनाश गौतम ने बताया कि मंगलवार सुबह मुखबिर से सूचना मिली की कुछ लोग गांव बड़ौदा सिहानी के जंगल में गोकशी कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने एक सुनसान स्थान पर दबिश दी। पुलिस को देखकर आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने घेराबंदी करते हुए तीन आरोपियों को दबोच लिया। जबकि एक फरार होने में कामयाब हो गया। पकड़े गए आरोपियों ने अपने नाम उस्मान पुत्र कासम निवासी पीरखां मोहल्ला थाना गुलावठी बुलंदशहर, वाहिद पुत्र यूनुस व गुलफाम पुत्र कय्यूम निवासी गांव सालेपुर थाना धौलाना बताए। जबकि फरार आरोपी माहिद पुत्र मेहंदी हसन है। आरोपियों के कब्जे से तीन तमंचे, पांच कारतूस, तीन खोखों के अलावा डेढ़ कुंतल कथित गोमांस व उपकरण बरामद किए हैं। पकड़े गए आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की है।