हाईवे पर सीआरपीएफ के कमांडेंट की गाड़ी समेत तीन वाहन भिड़े
हापुड़। बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गांव उपैड़ा के पास एनएच-24 पर सोमवार सुबह सीआरपीएफ के कमांडेंट की गाड़ी समेत तीन वाहन आपस में भिड़ गए। इससे हाईवे पर लंबा जाम लग गया। गनीमत रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद जाम को खुलवाकर, यातायात सुचारु किया।
जानकारी के अनुसार सीआरपीएफ के कमांडेंट डा. एस अशरफ खान अपनी गाड़ी में सवार होकर रामपुर से दिल्ली जा रहे थे। सोमवार सुबह करीब 7.30 बजे गांव उपैड़ा के पास एनएच-24 पर तेज गति से चल रही एक गाड़ी के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया।
ऐसे में आगे चल रही गाड़ी से बचने के लिए कमांडेंट के चालक सरदार धरबजीत सिंह को भी इमरजेंसी ब्रेक लगाने पड़े। पीछे से आ रही एक अन्य गाड़ी कमांडेंट की गाड़ी से भिड़ गई। जबकि एक अन्य बस भी नियंत्रण खोकर क्षतिग्रस्त गाड़ियों से भिड़ गई। इस हादसे के बाद यात्रियों में चीख पुकार मच गई।
तीन वाहनों के भिड़ने से हाईवे पर जाम लग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद जाम को खुलवाया। वहीं, सीआरपीएफ के कमांडेंट की गाड़ी को ठीक करा, गंतव्य की ओर रवाना किया।
थाना प्रभारी अजय चौधरी ने बताया कि सड़क दुर्घटना में क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सुचारु करा दिया गया है। हादसे में किसी को भी गंभीर चोट नहीं हैं।