बदमाशों ने ट्रक चालक को मारपीट कर लूटी नकदी
गढ़मुक्तेश्वर। सिंभावली क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर डिग्री कॉलेज के सामने बाइक सवार बदमाशों ने ट्रक चालक को मारपीट कर नकदी लूट ली। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
जनपद लखीमपुर खीरी के थाना पसगांव के झड़ीयाना निवासी दिलीप अवस्थी ने रविवार की रात सिंभावली थाने में तहरीर दी है। जिसका कहना है कि वह अपने क्लीनर संदीप अवस्थी के साथ दिल्ली से कपड़ा भरकर नागालैंड के लिए चला था। रविवार की रात नेशनल हाईवे पर सिंभावली क्षेत्र में किसान पीजी कॉलेज के सामने कुछ बाइक सवार बदमाशों ने उसका ट्रक रोकने की कोशिश की, लेकिन उसने बदमाशों से बचने के लिए ट्रक की स्पीड बढ़ा ली। चालक का कहना है कि बदमाशों ने ईंट और डंडे मारकर ट्रक रुकवा लिया। इसके बाद बदमाशों ने उसे और क्लीनर को जबरन ट्रक से नीचे उतार मारपीट शुरू कर दी। जिसका विरोध करने पर आरोपियों ने उसकी जेब में रखी 13 हजार छह सौ रुपये की नकदी, ड्राइविंग लाइसेंस और डीजल कार्ड लूट लिया और भाग निकले। बदमाशों के जाने के बाद वह आनन-फानन में सिंभावली थाने पहुंचा, जहां मामले की जानकारी देते हुए तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई।
इंस्पेक्टर राजेंद्र कुमार ओजस्वी ने बताया कि लूट की सूचना मिलते ही पुलिस टीम भेजकर बदमाशों की तलाश की गई, लेकिन बदमाश हाथ नहीं लग सके। मामले की जांच करते हुए बदमाशों की सुरागरसी की जा रही है।