आज मिलेगी निर्बाध बिजली आपूर्ति
हापुड़। जिलेवासियों को रविवार को दीपावली के मद्देनजर बिजली संबंधी समस्या से परेशानी नहीं होगी। समूचे क्षेत्र को निर्बाध बिजली आपूर्ति मिलेगी। इस संबंध में अधीक्षण अभियंता ने कर्मचारियों को निर्देशित कर दिया है। बिजलीघरों पर बने जन सुविधा केंद्र पर भी कर्मचारी पूरी तरह मुस्तैद रहेंगे।
बिजली निगम के अफसरों ने प्रकाश के पर्व दीपावली पर जिलेवासियों को बेहतर बिजली आपूर्ति दिलाने का निर्णय लिया है। इसकी तैयारी पूरी की जा चुकी है, अधीक्षण अभियंता यूके सिंह ने एसडीओ व अवर अभियंताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बिजलीघर पर अवर अभियंता समेत तीन कर्मचारी हर दशा में मौजूद रहेंगे। शिकायत मिलते ही तत्काल समस्या का निस्तारण कराया जाए। दिल्ली रोड स्थित जन सुविधा केंद्र पर तैनात कर्मचारियों को बिजली व्यवस्था दुरुस्त रखने के कड़े निर्देश दिए गए हैं। शहरी क्षेत्र की हर बिजली संबंधी समस्या पर इस केंद्र के कर्मचारी नजर रखेंगे। अव्यवस्था होने पर कर्मचारियों को कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।