देवलोक कालोनी में बंद मकान में चोरी
हापुड़। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत मोहल्ला देवलोक में बंद पड़े मकान का ताला तोड़कर चोर जेवर, नगदी व कीमती सामान चोरी कर ले गए। पड़ोसी ने ताले टूटे देखकर मामले की जानकारी पुलिस को दी। पीड़ित ने मामले की तहरीर दी है।
देवलोक कालोनी शिव मंदिर के पीछे वाली गली निवासी आरके सागर बीएसएनएल से रिटायर्ड हैं और अपनी पत्नी मीना के साथ यहां रहते हैं। दो दिन पहले इनकी पुत्री नीरज के यहां इटावा में एक कार्यक्रम था। दोनों पति पत्नी घर का ताला लगाकर कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए गए थे। पड़ोसी के अनुसार सोमवार देर रात एक कार मोहल्ले में आकर रुकी थी। संभवत इसी कार में सवार चोर घर का ताला तोड़कर अंदर घुस गए और पूरा घर खंगाल लिया। चोर घर में रखे लाखों के जेवर, करीब बीस हजार रुपये, इन्वर्टर बैटरी और कीमती सामान चोरी कर ले गए। सुबह पड़ोसी ने मकान का ताला टूटा देखकर पीड़ित व पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच की।
बड़ी बात है कि इस गली में पिछले कुछ दिनों में यह पांचवीं चोरी है। चोरों ने चोरी से पहले गली के कुत्तों को कुछ खिलाकर बेहोश कर दिया, जो सुबह तक बेहोश पड़े रहे। पीड़ित ने मामले की तहरीर कोतवाली में दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।