सामग्री न उठाने पर 12 का वेतन रोका
हापुड़। मतदाता सत्यापन कार्यक्रम के अंतर्गत एक सितंबर से चल रहे पुनरीक्षण कार्यक्रम सर्वे अभियान के तहत कुछ बीएलओ दिलचस्पी नहीं ले रहे हैं। अभी तक 12 बीएलओ ने सामग्री तक नहीं उठाई है। ऐसे बीएलओ के खिलाफ एसडीएम ने वेतन रोकने के आदेश जारी किए हैं।
एसडीएम सत्यप्रकाश ने बताया कि एक सितंबर से मतदाता सत्यापन कार्य चल रहा है। जिसमें संबंधित विभागों के कर्मचारियों की बीएलओ के रूप में ड्यूटी लगायी है, लेकिन अभी तक 12 बीएलओ ने अपनी चुनाव सामग्री नहीं उठाई है। जिसमें नगर पालिका के कैलाश चंद शर्मा, शिक्षामित्र बाबूगढ़ नीशू चड्ढा, सहायक अध्यापक भीकनपुर मोनिका यादव, सहायक अध्यापक खड़खड़ी ललिता अग्रवाल, कनिष्ट सहायक आरईएस रतन सिंह, सहायक अध्यापक मलकपुर मनवीर सिंह, मंडी सहायक गौरव चौधरी, अशोक भास्कर, जगदीश पाल, नलकूप चालक देवेंद्र व सौरभ ने अभी तक अपनी चुनाव सामग्री तक नहीं ली है। इन कर्मचारियों के वेतन रोके जाने के आदेश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि कुछ बीएलओ कार्य में ढिलाई भी बरत रहे हैं, उन्हें भी नोटिस जारी किया गया है।