पुलिस ने जांच को भेजा मुस्लिम कुरैशी का बिसरा
हापुड़। हाफिजपुर पुलिस द्वारा दबिश के दौरान मारे गए नगर के मोहल्ला सिकंदरगेट निवासी मुस्लिम कुरैशी की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हार्ट अटैक के कारण मौत की पुष्टि हुई है। हालांकि पुलिस ने बिसरा जांच के लिए भेजा है। उधर, मंगलवार सुबह शव का दफीना कर दिया गया। इस दौरान बुलंदशहर रोड पर ट्रैफिक को एहतियातन डायवर्ट करा दिया गया।
गौरतलब है कि सोमवार शाम हाफिजपुर पुलिस ने बाईपास के पास जंगल में दबिश देकर चार कथित जुआरियों को पकड़ा था। इनमें से एक मुस्लिम कुरैशी की मौके पर ही संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। परिजनों ने पुलिस द्वारा मारपीट के बाद मौत का आरोप लगाते हुए अस्पताल में हंगामा किया। बाद में जैसे तैसे अधिकारियों ने लोगों को समझाकर शांत किया। मंगलवार को शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत कारण हार्टअटैक बताया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों के हवाले कर दिया गया। सुबह के समय शव का दफीना किया गया। इस दौरान हंगामे की आशंका को देखते हुए पुलिस ने बुलंदशहर रोड से गुजरने वाले ट्रैफिक को डायवर्ट कर दिया। बुलंदशहर रोड से गुजरने वाले वाहनों को बाईपास से होकर निकाला गया।
हाफिजपुर थाना प्रभारी अविनाश गौतम ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हार्टअटैक आया है। बिसरा भी जांच के लिए भेजा गया है।