भाजपा नेता की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या
हापुड़। धौलाना थाना क्षेत्र के गांव करनपुर जट्ट निवासी भाजपा नेता व एक स्थानीय स्कूल में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के रूप में तैनात राकेश शर्मा की कार सवार अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। वे बाइक से स्कूल जा रहे थे। सूचना पर पुलिस में हड़कंप मच गया। उधर, गुस्साए परिजनों व भाजपा नेताओं ने थाने का घेराव करते हुए जमकर हंगामा किया। मौके पर पहुंचे एसपी ने थाना प्रभारी सहित तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। वहीं शाम को आईजी आलोक सिंह ने भी गांव पहुंचकर परिजनों से जानकारी ली। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
करनपुर जट्ट निवासी राकेश शर्मा (36) पुत्र नेपाल सिंह छज्जूपुर स्थित जनता इंटर कालेज में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के रूप में तैनात थे। इसके अलावा वे भाजपा के मंडल महामंत्री भी थे। सोमवार सुबह करीब सवा सात बजे वे अपनी बाइक से स्कूल जा रहे थे। जैसे ही वे सपनावत चौकी से मात्र दो सौ मीटर की दूरी पर पहुंचे तो कार सवार कुछ बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और एक के बाद एक तीन गोली मारकर लहूलुहान कर दिया। घटना को अंजाम देकर बदमाश फरार हो गए। खून से लथपथ राकेश शर्मा ने हिम्मत जुटाकर एक बाइक सवार को रुकने का इशारा किया। बाइक सवार ने उन्हें स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सपनावत तक पहुंचा दिया। जहां हालत गंभीर देखते हुए उन्हें हापुड़ के निजी अस्पताल लाया गया। लेकिन अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। भाजपा नेता की दिनदहाड़े हत्या की खबर क्षेत्र में आग की तरह फैल गई और देखते ही देखते धौलाना विधानसभा के भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं के अलावा स्थानीय लोगों की भीड़ थाने पर जमा हो गई। जहां पुलिस प्रशासन के खिलाफ धरना देते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक सुबोध कुमार सक्सेना पर गंभीर आरोप लगाते हुए मंडल महामंत्री की हत्या का उन्हें दोषी ठहराया। थाना परिसर में एकत्रित भीड़ देख पुलिस के हाथ पांव फूल गए। आनन फानन में जिलेभर से भारी तादाद में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। एसपी डा. यशवीर सिंह भी मौके पर पहुंच गए। करीब चार घंटे तक थाने में हंगामा होता रहा। जिसके बाद एसपी ने थाना प्रभारी, मुख्य आरक्षी चमन सिंह व आरक्षी नौनिहाल को निलंबित कर दिया। जिसके बाद ही लोग शांत हुए।
मृतक के रिश्तेदार जुगल किशोर की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। उधर दोपहर बाद आईजी मेरठ जोन आलोक सिंह ने भी गांव पहुंचकर मामले की जानकारी ली।
एसपी डा. यशवीर सिंह का कहना है कि मामले के खुलासे के लिए पांच टीमें लगाई गई हैं। सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। उधर, एडीएम जयनाथ यादव ने भी प्रेसनोट जारी कर पीड़ित परिवार को पेंशन और मृतक की पत्नी को नौकरी दिलाने की कार्यवाही की जानकारी दी।