घर में घुसकर महिला से दुष्कर्म की कोशिश
हापुड़। हाफिजपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला के साथ उसके बच्चों को पढ़ाने वाले शिक्षक ने दुष्कर्म की कोशिश की। मौके पर पहुंचे महिला के देवर ने उसे बचाया। पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए एसपी से गुहार लगाई है।
महिला ने एसपी से शिकायत में कहा है कि वह अपने दो बच्चों के साथ गांव में रहती है। जबकि उसका पति दिल्ली नौकरी करता है। गांव का ही एक युवक उसके बच्चों को पढ़ाने के लिए आता है। करीब एक माह पहले शिक्षक ने उसके साथ अश्लील हरकत कर दी, लेकिन माफी मांगने पर उसने शिक्षक को माफ कर दिया। महिला का आरोप है कि शिक्षक ने अश्लील हरकत करने की उसकी वीडियो बना ली और ब्लैकमेल करने का प्रयास किया। पीड़िता का कहना है कि 27 अगस्त की रात आरोपी घर की दीवार फांदकर घर में घुस आया और उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश की। लेकिन अचानक उसका देवर कहीं से कार लेकर आ गया और उसे बचाया। इस दौरान आरोपी धमकी देता हुआ फरार हो गया। सुबह आरोपी अपने भाईयों के साथ एक बार फिर उसके घर पहुंचा और पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता का कहना है कि इस संबंध में उसने हाफिजपुर थाने में शिकायत की, लेकिन उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई। पीड़िता ने एसपी से कार्रवाई की मांग की है।