मारपीट के मामले में चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
गढ़मुक्तेश्वर। सिंभावली क्षेत्र के गांव वैठ निवासी इकराम ने रविवार की देर शाम थाने में तहरीर देते हुए बताया कि पड़ोस में रहने वाला अलीन उर्फ काले उसके परिवार से रंजिश रखता है। रविवार की दोपहर करीब तीन बजे अलीन उर्फ काले अपने साथ रफीक, सैफ और अहमद को साथ लेकर उसके घर में घुस आया। पीड़ित का कहना है कि आरोपियों के हाथों में तमंचे समेत लाठी-डंडे और धारदार हथियार थे। जिन्होंने घर में घुसते ही उसके बेटे अलीशान पर हमला कर दिया और चाकू से वार कर उसे घायल कर दिया। इतना ही नहीं आरोपियों ने बेरहमी से पिटाई करते हुए उसके छह साल के भतीजे मोहम्मद शाद को भी अधमरा कर दिया था। पीड़ित ने बताया कि चिकित्सकों ने दोनों घायलों को गंभीर हालत में मेरठ के लिए रेफर कर दिया, जहां उनका उपचार चल रहा है। पीड़ित ने आरोपियों को नामजद करते हुए कार्रवाई की गुहार लगाई है। इंस्पेक्टर राजेंद्र कुमार ओजस्वी ने बताया कि तहरीर के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।