काली नदी में मिला नवजात का शव, हड़कंप
हापुड़। बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गांव कनिया कल्याणपुर में सोमवार सुबह काली नदी में एक नवजात का शव मिलने से हड़कंप मच गया। आनन फानन में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और मामले की जानकारी पुलिस को दी। घटना से ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।
गांव कनिया कल्याणपुर के लोग सुबह खेतों पर काम करने के लिए निकले थे। इसी दौरान उन्हें काली नदी में एक नवजात का शव पड़ा दिखाई दिया। नदी में शव मिलने की सूचना पर गांव मेें हड़कंप मच गया। नवजात के साथ नाल भी मौजूद थी। शव देखने के लिए मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने फोन कर पुलिस को मामले की जानकारी दी। आनन फानन में पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकाला। थाना बाबूगढ़ प्रभारी अजय चौधरी ने बताया कि किसी के द्वारा नवजात बच्चे के शव को लोकलाज के डर से नदी में फेंक दिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है।