किसान का खाता हैक कर खाते से 56 हजार की नकदी निकाली
गढ़मुक्तेश्वर। बैंक खाता और पेटीएम हैक कर ठगों ने किसान के खाते से हजारों रुपये की नकदी उड़ा ली। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव गंदू नंगला निवासी सुनील कुमार ने सोमवार को सिंभावली थाने में तहरीर दी है। जिसने बताया कि पीएनबी बैंक की भोवापुर मस्ताननगर शाखा में उसका खाता है। एक युवक ने उसके मोबाइल पर कॉल करके अपने आप को बैंक कर्मचारी बताया। जिसने उसके पेटीएम एकाउंट के संबंध में पूछताछ की। इसके अलावा पेटीएम एकाउंट को बैंक खाते से अटैच करने का झांसा देते हुए बैंक खाते के बारे में भी जानकारी ले ली। पीड़ित का कहना है कि उसके खाते से 55 हजार रुपये निकाले जाने का मैसेज आने पर उसके होश उड़ गए। वहीं पेटीएम के माध्यम से भी करीब 15 सौ रुपये की नकदी निकाल ली गई। पीड़ित ने तहरीर देते हुए कार्रवाई की गुहार लगाई है।
इंस्पेक्टर राजेंद्र कुमार ओजस्वी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।