आकाशीय बिजली गिरने से बैंक में लगे उपकरण फुंके
हापुड़। रविवार को बरसात के दौरान कुचेसर रोड चौपला स्थित कॉपरेटिव बैंक में आकाशीय बिजली गिरने से विद्युत उपकरण फुंक गए। सोमवार को बैंक में कामकाज ठप रहने से लेनदेन नहीं हो सका। जिसके चलते ग्रामीणों को मायूस लौटना पड़ा।
कुचेसर रोड चौपला स्थित कॉपरेटिव बैंक में गांव रसूलपुर, शाहपुर, फतेहपुर, दयानतपुर, कनिया, रमपुरा, बनखंडा, उदयपुर, नली हुसैनपुर आदि गांवों के लोगों के खाते हैं।
रविवार को बरसात के दौरान बैंक में आकाशीय बिजली गिरने से विद्युत उपकरण फुंक गए। इसके चलते सोमवार को बैंक में कामकाज पूरी तरह ठप रहा। दिनभर लोग बैंक के चक्कर लगाते रहे। लेकिन उपकरण सही नहीं होने के कारण वह लेनदेन नहीं कर सके। ऐसे में ग्रामीणों का काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
एलडीएम आशुतोष पांडेय का कहना है कि आकाशीय बिजली गिरने से उपकरणों के फुंकने के कारण यह समस्या बनी थी। उपकरणों को दुरुस्त कराया जा रहा है। संभवत मंगलवार से कामकाज शुरू हो जाएगा।