तीन तलाक मामले में छह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
हापुड़। बीमार महिला ने दवाई के लिए मात्र तीस रुपये मांगे तो पति ने तीन बार तलाक कहकर उससे रिश्ता तोड़ लिया। पुलिस ने इस मामले में पति समेत छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
कोतवाली क्षेत्र में मोहल्ला मोती कालोनी निवासी महिला ने बताया कि करीब दो साल पहले उसकी शादी मोहल्ले के ही एक युवक से हुई थी। उचित दहेज न मिलने से नाराज पति और ससुराल पक्ष के लोग आए दिन मारपीट कर प्रताड़ित करते रहे थे। शादी के बाद उसे एक पुत्र और पुत्री को जन्म दिया। पीड़िता ने बताया कि पिछले एक सप्ताह से बीमार होने के कारण वह बिस्तर पर थी। पति और ससुरालियों ने उसका इलाज कराने से भी इंकार कर दिया। आरोप है कि शनिवार शाम बीमार पत्नी द्वारा दवा के लिए महज 30 रुपए मांगने पर पति ने तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया। पीड़िता ने कोतवाली पुलिस में शिकायत की लेकिन पुलिस ने उसकी कोई सुनवाई नहीं की। सोमवार शाम एसपी के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
कोतवाली प्रभारी महावीर सिंह चौहान ने बताया कि नए कानून के तहत तीन तलाक समेत दहेज प्रताडना की धाराओं में आरोपी पति सुल्तान, ससुर असलम, सास शम्मो, जेठ कासिब, साजिद और नंद आयशा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
नितिन दीक्षित 12एचपीआर 27