एनएच-235 पर रास्ता न बनने से भड़की भाकियू
हापुड़। दोयमी-धनौरा के संपर्क मार्ग के ऊपर से गुजर रहे एनएच-235 के बाईपास से रास्ता बनवाने की मांग को लेकर शुक्रवार को भाकियू कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। इस संबंध में एडीएम को ज्ञापन सौंपकर, जल्द समस्या का समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
भाकियू के मंडल प्रवक्ता दिनेश खेड़ा व मंडल सचिव ज्ञानेश्वर त्यागी ने बताया कि निर्माणाधीन एनएच-235 पर उतार चढ़ाव के लिए यदि रस्ता नहीं बनाया गया तो दर्जनों गांवों के लोगों को मिलों की दूरी तय कर बाईपास पर पहुंचना पड़ेगा।
इसके अलावा मेरठ रोड आवास विकास से वझीलपुर की ओर जाने वाला संपर्क मार्ग के ऊपर से भी एनएच-235 जा रहा है, जिसके चलते ग्रामीणों के खेत बाईपास के दोनों तरफ आ गए हैं, ऐसे में यदि हाइवे पर आने जाने के लिए यहां रास्ता नहीं बनाया गया तो किसान अपने खेतों पर ही नहीं जा सकेंगे।
इसके अलावा अंडरपास में जलभराव की समस्या से लोग काफी परेशान हैं। आवागमन में काफी परेशानी होती है। जल निकासी के भी समुचित इंतजाम किए जाए, अन्यथा बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
किसानों के नलकूप बिलों में जुड़कर आ रही लाखों की अवैध बकाएदारी का भी विरोध किया गया। साथ ही गन्ना मिलों का अधिग्रहण कर, जल्द किसानों को गन्ना भुगतान दिलाया जाए। इन मांगों को लेकर कार्यकर्ताओं ने एडीएम को ज्ञापन सौंपा।
इस मौके पर दिनेश त्यागी, बबली सिंह, ममता शर्मा, नीलम त्यागी, सरदार कुंवर सिंह, संदीप चौधरी, सचिन त्यागी, इस्कार, मोहित त्यागी, गिरिश त्यागी, योगेश्वर त्यागी, चौधरी मनवीर सिंह, जयभगवान त्यागी, भूषण त्यागी, नकुल शर्मा, लक्खी जाटव, कपिल जाटव, पूरन त्यागी, रविंद्र त्यागी, तन्नू त्यागी, सुशील, मूलचंद त्यागी, पवन त्यागी, संजीव त्यागी, मोनू सिंह, भूरे आदि मौजूद रहे।