सड़क हादसे में घायल युवक की उपचार के दौरान मौत
गढ़मुक्तेश्वर। नेशनल हाइवे पर रोडवेज बस की टक्कर से घायल युवक ने मेरठ के अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि उसके भाई की मौके पर ही मौत हो गई थी। मृतकों के पिता ने अज्ञात बस चालक के खिलाफ तहरीर दी है।
मुरादाबाद निवासी सुनील और उसका भाई ज्ञान सिंह बृहस्पतिवार की रात बाइक से दिल्ली जा रहे थे। गढ़ क्षेत्र में नेशनल हाइवे पर गांव अल्लाबख्शपुर के निकट रांग साइड से आ रही रोडवेज की बस ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। घटना में बाइक चला रहे सुनील की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि चिकित्सकों ने ज्ञान सिंह को गंभीर हालत में मेरठ के अस्पताल के लिए रेफर कर दिया था। जहां शुक्रवार को उपचार के दौरान ज्ञान सिंह की भी मौत हो गई। सगे भाइयों की मौत से उनके परिजनों में कोहराम मच गया है। मृतकों के पिता जयमल ने अज्ञात बस चालक के खिलाफ तहरीर दी है।
इंस्पेक्टर राजपाल सिंह तोमर ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। बस चालक की तलाश की जा रही है।