सड़क हादसे में घायल युवक की मौत
हापुड़। थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के हाइवे पर बुधवार रात अज्ञात वाहन की टक्कर में गंभीर रूप से घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गयी। सूचना पर दिल्ली से पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने मामले को लेकर थाने में तहरीर दी है।
बुधवार शाम बाइक सवार एक युवक को अज्ञात वाहन ने बाबूगढ़ हाइवे पर टक्कर मार दी थी। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी पहचान दिल्ली के बलजीत विहार निवासी मनीष (28) के रूप में हुई। हालांकि उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद देर रात परिजन अस्पताल पहुंचे। युवक के शव को देखकर परिजन में कोहराम मच गया। पीड़ित परिजन ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। थाना बाबूगढ़ प्रभारी अजय चौधरी ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।