एप के जरिए खेल-खेल में पढ़ना सीखेंगे बच्चे
हापुड़। परिषदीय विद्यालयों के छात्र दीक्षा और उमंग एप के जरिए खेल-खेल में पढ़ना सीखेंगे। एनसीईआरटी द्वारा यह एप लांच किए गए हैं। बेसिक शिक्षा विभाग ने सभी शिक्षकों को मोबाइल में ये एप डाउनलोड करने के आदेश दिए हैं। प्रोजेक्टर के माध्यम से शिक्षक पढ़ाई संबंधी एनीमेटिड मूवी, संगीत के माध्यम से शिक्षित करेंगे।
परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा का स्तर सुधारने के लिए एनसीईआरटी द्वारा किताबों पर क्यूआर कोड डाला गया है। छात्रों को तकनीकी और मनोरंजक तरीके से पढ़ाने के लिए एनसीईआरटी द्वारा दीक्षा और उमंग एप भी लांच किया गया है। शिक्षकों के एंड्रायड फोन में ये एप अपलोड किए गए हैं। दीक्षा एप के माध्यम से क्यूआर कोड को स्कैन करते ही संबंधित पाठ से जुड़ी एनीमेटिड फिल्म, संगीत, ऑडियो फोन पर चलने लगेगी। जिसे प्रोजेक्टर के माध्यम से स्कूलों में बच्चों को बड़े पर्दों पर दिखाया जा सकेगा।
इतना ही नहीं कक्षा एक व दो के नवीन पंजीकरण वाले छात्रों के लिए उमंग एप लांच किया गया है। इस एप के जरिए नए बच्चों को एनीमेटिड फिल्मों के माध्यम से शिक्षा की मुख्य धारा से जोड़ना है। हालांकि इस एप को चलाने के लिए शिक्षकों को एक सर्टिफाइड कोर्स करना आवश्यक है, जो विभाग द्वारा कराया भी जा रहा है।
कोट-
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी देवेंद्र गुप्ता का कहना है कि एनसीईआरटी द्वारा लांच किए गए एप से छात्रों को बेहतर पढ़ाई का मौका मिल सकेगा। शिक्षकों के मोबाइल में ये एप डाउनलोड किए जा रहे हैं।