बारिश से अंडरपास बने तालाब, दर्जनों गांवों का रास्ता बंद
हापुड़। बारिश में एक बार फिर से रेलवे अंडरपास तालाब में तब्दील होने लगे हैं। शुक्रवार को हुई बारिश से अंडरपास में पानी भर गया जिसके चलते दर्जनों गांवों का रास्ता बंद हो गया। इस दौरान महमदपुर फाटक के अंडर पास में कार फंस गई, जिसे कड़ी मशक्कत के बाद निकाला गया। जलभराव से ग्रामीणों में रोष बढ़ता जा रहा है।
रेल मार्गों पर क्रॉसिंग को समाप्त करने के उद्देश्य से अंडरपास बनाए गए हैं। जिले में मेरठ-बुलंदशहर ब्रांच लाइन व गाजियाबाद-मुरादाबाद मैन लाइन पर भी अंडरपास बने हैं। लेकिन ये अंडरपास ग्रामीणों के लिए मुसीबत बनते जा रहे हैं। बृहस्पतिवार व शुक्रवार दिन में हुई बारिश के बाद क्षेत्र के अंडरपास जलभराव के चलते तालाब में तब्दील हो गए। जिसके कारण दर्जनों गांवों का रास्ता बंद हो गया। अंडरपास में पानी की गहराई का अंदेशा नहीं होने के कारण कुछ लोग गाड़ी से पार करने में नहीं हिचकते हैं। ऐसे में कई बार साइलेंसर में पानी जाने, इंजन बंद होने से गाड़िया पानी में भी फंस जाती है। शुक्रवार को भी यही हुआ । हाफिजपुर थाना क्षेत्र के महमदपुर अंडरपास में जलभराव होने से महमूदपुर, हिमांयूपुर, मीरपुर, भटैल, हसनपुर सहित कई गांवों का रास्ता भी बंद हो गया है। इस दौरान एक कार भी फंस गई, जिसे ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद निकाला।
अंडरपास बच्चों के लिए बने तरणताल
अंडरपास में जलभराव के चलते बच्चों के लिए मस्ती के प्वाइंट बन गए हैं। यहां बच्चे तैराकी कर रहे हैं। शुक्रवार को हुई बारिश के बाद भी बच्चों ने महमदपुर अंडरपास में जमकर मस्ती की। हालांकि हादसे के अंदेशे को देखते हुए ग्रामीणों ने उन्हें डांटकर बाहर निकाला।
अंडरपास दे रहे हादसों को न्यौता
पूर्व में अंडरपासों में जलभराव की वजह से हादसा भी हो चुका है। फिर भी जलभराव की समस्या का स्थाई समाधान नहीं हो पाया है। ऐसे में अंडरपास में जलभराव हादसों को न्यौता दे रहा है। रेलवे प्रशासन को अंडरपास में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान करना चाहिए।
रेलवे के एसएसई वर्क ब्रांच लाइन विमल शर्मा ने बताया कि अंडरपास को कंस्ट्रक्शन विभाग को सौंपा जाना है, लेकिन वर्तमान में अंडरपासों से जलभराव की समस्या दूर करने के लिए पंपों की व्यवस्था कराई गई है। बारिश होने के बाद सभी अंडरपास से पंपों से पानी निकलवाया जा रहा है।