सीवर लाइन डालने के लिए खोदी सड़क की नहीं हुई मरम्मत
हापुड़। मोहल्ला शिवगढ़ी का मुख्य मार्ग सिविर लाइन डालने के कार्य के चलते बीते 6 महीने से जर्जर हालत में पड़ा है। यहां से गुजरने वाले लोगों को आवागमन में काफी परेशानी होती है। शिवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु इसी मार्ग से सबली मंदिर जाते हैं। लेकिन प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा।
स्थानीय लोगों ने बताया कि शिवगढ़ी में करीब 6 महीने पहले सिविर लाइन डालने का कार्य किया गया था। तब मुख्य मार्ग पर खुदाई कर, रास्ते को खुर्द बुर्द कर दिया गया था। लापरवाही का आलम यह है कि काम पूरा होने के बाद भी मार्ग को दुरुस्त नहीं किया गया है।
इस रास्ते से होकर दर्जनों मोहल्लों व गांवों के हजारों लोगों का आवागमन होता है। शिवरात्रि के दौरान हजारों शिवभक्त जलाभिषेक करने के लिए सबली मंदिर भी इसी रास्ते से जाते हैं। कई बार प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है। लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। बरसात के समय तो निकलना भी मुश्किल हो जाती है।
इस मामले में लोगों ने डीएम से शिकायत कर कार्रवाई की गुहार लगाई है। ज्ञापन सौंपने वालों में कालूराम, बोबी, रविंद्र, मंजीत सिंह, अंकित कुमार, सतीश, चमन, राजकुमार, चंद्रपाल, जितेंद्र, हरपाल, विनय, रोहित कुमार, जयभगवान, प्रिंस, सोनू कुमार, राजू सिंह, अशोक कुमार, भूप सिंह आदि मौजूद रहे।