किसान का दो मंजिला मकान गिरा, दबकर पशु की हुई मौत
गढ़मुक्तेश्वर। तहसील क्षेत्र के गांव बिहूनी में किसान का दो मंजिला मकान मरम्मत के दौरान भर भराकर गिर गया, जिससे मकान में बैठे परिजनों ने भागकर जान बचाई, लेकिन इस दौरान हादसे में एक पशु की मौत हो गई, तीन पशु घायल हो गए।
किसान मन्नू ने बताया कि उनका पुराने समय का दो मंजिला मकान बना हुआ है। जिसकी मरम्मत कराई जा रही है। पीड़ित ने बताया कि शनिवार की शाम को वह अपने परिवार के सदस्यों के साथ घर में ही मौजूद था। इसी दौरान दूसरे मंजिल पर बना मकान अचानक से गिर गया, उसको गिरते देख सभी परिवार के सदस्य घर के बाहर चले गए। इतने में ही मकान की छत भर भराकर गिर गया और पुरानी दीवार भी गिर गई। मकान को गिरता देख परिजनों ने शोर मचाना शुरु कर दिया। जिससे वहां पर ग्रामीण एकत्र हो गए। हादसे में मलबे में दबने के कारण एक पशु की मौत हो गई, जबकि तीन पशु घायल हो गए। जिनको ग्रामीणों के सहयोग से मलबे से बाहर निकाला गया। गनीमत रही कि किसी की परिजन के साथ कोई घटना नहीं हुई, बड़ा हादसा होने से टल गया। किसान ने बताया कि मकान की मरम्मत कराई जा रही है, जिसके चलते मकान गिर गया है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस और तहसील प्रशासन टीम ने जांच की। तहसीलदार विवेक भदौरिया और थानाध्यक्ष आशीष कुमार ने बताया कि घटना के तुरंत बाद टीम तो भेजकर जांच कराई गई, लेकिन किसी को जनहानि नहीं हुई है। गांव के लेखपाल से जांच कराकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।