कार पर लोन दिलाने के नाम पर 8 हजार ठगे
गढ़मुक्तेश्वर। बहादुरगढ़ के गांव सदरपुर में एक युवक से कार पर लोन दिलाने के नाम पर ऑनलाइन ठगी हो गई, पीड़ित ने ऑनलाइन साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित राहुल ने बताया कि शनिवार की रात में मोबाइल पर ऑनलाइन पुरानी कार खरीदने के लिए साइट खोलकर बैठा हुआ था। इसी दौरान एक विज्ञापन आया, जिसमें लोन पर कार दिलाने की बात लिखी हुई थी। पीड़ित ने कार खरीदने से पहले लोन कराने के मकसद से उस पर क्लिक कर दिया। जहां पर ऑनलाइन फार्म भर दिया, इतने में ही युवक के पास कॉल आई और ऑनलाइन लोन करने की बात कही। पीड़ित उसकी बातों में फंस गया और शातिर ठग द्वारा भेजे गए एक लिंक को खोल लिया। इतने में ही युवक के खाते से 8 हजार की नकदी निकल हई। जिसका फोन पर संदेश देख पीड़ित के होश उड़ गए। जिसके बाद पीड़ित ने उस नंबर पर वापस कॉल की, लेकिन फोन बंद जाने लगा। जिसके बाद पीड़ित ने ऑनलाइन साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की। सीओ पवन कुमार का कहना है कि थानों में भी साइबर सेल की स्थापना की हुई है, जिसमें ऑनलाइन पैसे निकलने के मामलों की जांच की जाती है, थाने में जाकर भी शिकायत दर्ज कराएं, जिससे ऑनलाइन ठगी करने वालों का पर्दाफाश हो सके।