सड़क हादसे में बाइक सवार वृद्ध की मौत
गढ़मुक्तेश्वर। सिंभावली क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर कार की टक्कर लगने से बाइक सवार वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसको मेरठ के लिए रेफर किया, जहां वृद्ध ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
सिंभावली थाना क्षेत्र के गांव मतनौरा निवासी रूपचंद (62) शनिवार की शाम को बाइक पर सवार होकर गढ़ में किसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आया था। जिसके बाद वह वहां से रात को लौट रहा था। जैसे ही वह सिंभावली क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर गांव वैठ मौड़ पर पहुंचा तो पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे परिजनों और पुलिस कर्मियों ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। जिसके बाद वृद्ध की गंभीर हालत देखते हुए मेरठ के लिए रेफर कर दिया। परिजनों के अनुसार घायल वृद्ध ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। परिजनों में कोहराम मच गया है। जिसके बाद परिजनों ने मृतक का बिना किसी कार्रवाई के अंतिम संस्कार कर दिया।