मुठभेड़ में पुलिस की गोली लगने से एक बदमाश घायल
धौलाना। थाना धौलाना क्षेत्र के अंतर्गत निधावली नहर के पास पुलिस व दो गांजा तस्करों में मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस ने एक घायल सहित दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। तस्करों के कब्जे से तीन किलोग्राम गांजा, बिना नंबर प्लेट की बाइक, तमंचा व कारतूस बरामद किए हैं।
क्षेत्राधिकारी अशोक सिसौदिया ने बताया कि थाना क्षेत्र में मादक पदार्थों के धंधे पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से धौलाना पुलिस निधावली नहर के पास चेकिंग कर रही थी। इसी बीच तेज रफ्तार से आ रहे बाइक सवार दो युवकों को रुकने का इशारा किया, लेकिन वे नहीं रुके। पुलिस के पीछा करने के दौरान उक्त युवकों ने पुलिस टीम पर फायरिंग भी किया। जिसमें पुलिसकर्मी बाल-बाल बचे। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में खालिद पुत्र मुस्तफा निवासी गांव खिवाई जिला मेरठ बदमाश घायल हो गया। दूसरा बदमाश ने अपना नाम भूरा पुत्र महमूद निवासी गांव पिपलेड़ा बताया है। पुलिस टीम ने दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। खालिद पर गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद, मेरठ, हापुड़ के विभिन्न थानों में लूट, हत्या, गोकशी आदि के आपराधिक मामले हैं। बदमाश भूरा का अपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।