गंगा के जलस्तर में 10 सेमी की आई कमी
गढ़मुक्तेश्वर। पिछले कई दिनों से उत्तराखंड में पहाड़ी इलाकों में बारिश होने के कारण गंगा के जलस्तर में शनिवार को गढ़ क्षेत्र में भी गंगा जल स्तर में बढ़ोतरी हो गई थी, जिससे खादर क्षेत्र के किसानों में चिंता बन गई। लेकिन रविवार की सुबह से शाम तक जल स्तर में 10 सेंटीमीटर की कमी आई है, लेकिन खादर क्षेत्र में भूकटान अभी भी जारी है।
बता दें कि पहाड़ों पर मूसलाधार बारिश और बिजनौर बैराज से हजारों क्यूसेक पानी छोड़े जाने से ब्रजघाट गंगा में शनिवार की शाम तक जलस्तर में बढ़ोतरी हो गई थी। जिससे गंगा का जल स्तर 29 सेंटी मीटर बढ़ गया। शनिवार की रात भी बढ़ोतरी दर्ज की गई, लेकिन रविवार की देर शाम तक गंगा नदी में 10 सेंटी मीटर की कमी आई है, जो खादर क्षेत्र के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। जबकि किसान रोहताश सिंह, नवीन, संतोष सिंह, देव सिंह, देवेंद्र सिंह ने बताया कि जल स्तर इन दिनों उतार चढ़ाव पर रहता है, जिससे खादर क्षेत्र में भू कटान जारी है, इसलिए खादर में गंगा तट पर जो खेतों में फसल लहलाह रही है, वह गंगा में समा रही है। जिससे किसानों को भारी नुकसान है। बाढ़ नियंत्रण कक्ष के अनुसार रविवार की शाम को दस सेंटीमीटर जल स्तर में गिरावट आई है। जिससे फिलहाल जल स्तर 197.95 मीटर से 197.85 मीटर के निशान पर पहुंच गया है।
तहसीलदार विवेक भदौरिया ने बताया कि फिलहाल जल स्तर सामान्य है, उसके बावजूद भी टीम को भेजकर ग्रामीणों से संपर्क किया जा रहा है, बाढ़ से निपटने के लिए पूरी तैयार हैं।