आपूर्ति ठप होने पर ग्रामीणों ने बिजलीघर का घेराव कर किया प्रदर्शन
गढ़मुक्तेश्वर। सिंभावली क्षेत्र के गांव हरौड़ा बिजलीघर से जुड़े करीब एक दर्जन गांवों में दो दिन से बिजली आपूर्ति ठप होने से ग्रामीणों में रोष व्याप्त हो गया। ग्रामीणों ने एकत्र होकर हरौड़ा बिजलीघर का घेराव करते हुए विरोध प्रदर्शन कर आपूर्ति सुचारू कराने की मांग की।
रविवार को सिंभावली क्षेत्र के एक दर्जन गांवों के ग्रामीण एकत्र होकर गांव हरौड़ा में स्थित 11/33केवी बिजलीघर पर पहुंचे। जहां बिजलीघर का घेराव करते हुए ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना है कि दो दिनों से हरौड़ा बिजलीघर से जुड़े गांवों में बिजली आपूर्ति बंद पड़ी हुई है। भीषण गर्मी के मौसम में 48 घंटों से अधिक समय तक बिजली आपूर्ति बंद होने से सभी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पेयजल आपूर्ति के लिए हैंडपंपों का सहारा लेना मजबूरी बन गई है। इसके अलावा पशुओं के लिए चारा भी काट पाना मुमकिन नहीं हो पा रहा। उमस भरी गर्मी में बच्चों और बुजुर्गों की परेशानी बढ़ गई है। इनवर्टर तक बंद होने से सभी उपकरण शोपीस बन गए हैं। वहीं फसलों की सिंचाई भी बुरी तरह प्रभावित हुई है। शिकायत करने पर ऊर्जा निगम के कर्मचारी कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दे पा रहे। गुस्साए ग्रामीणों ने जल्द से जल्द आपूर्ति सुचारू कराने की मांग की। प्रदर्शन करने वालों में मनु चौधरी, अरविंद पूनिया, अंकुर पालीवाल, विवेक चौधरी, राहुल, आकाश समेत अन्य ग्रामीण शामिल रहे। ऊर्जा निगम के अवर अभियंता मुकेश कुमार ने बताया कि आंधी के चलते लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थीं। क्षतिग्रस्त लाइनों को ठीक करा दिया गया है। जिसके बाद आपूर्ति सुचारू करा दी गई है।