ससुरालियों से तंग महिला ने आत्महत्या का किया प्रयास
गढ़मुक्तेश्वर। सिंभावली क्षेत्र निवासी एक महिला ने आत्महत्या के इरादे से बक्सर नहर पुल से छलांग लगाने की कोशिश की, लेकिन राहगीरों ने उसे समझाबुझा कर पुलिस को सौंप दिया।
रविवार की रात करीब 3 बजे सिंभावली क्षेत्र के गांव बक्सर निवासी एक महिला नेशनल हाईवे पर पहुंची, जो काफी देर तक बक्सर नहर पुल के आसपास घूमती रही, कुछ देर बाद अचानक उसने पुल की रेलिंग पर चढ़कर नहर में छलांग लगाने का प्रयास किया। लेकिन मौके पर मौजूद कुछ राहगीरों ने उसे समझाबुझा कर शांत कराया और पुलिस को सूचना दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस महिला को थाने ले आई। जहां की गई पूछताछ में महिला ने बताया कि उसके पहले पति की कुछ समय पूर्व मृत्यु हो चुकी है। जिसके बाद उसकी दूसरी शादी गांव बक्सर निवासी व्यक्ति से हुई है। लेकिन पति समेत ससुराल पक्ष के लोग उसका मानसिक उत्पीड़न करते हैं। जिन्होंने मारपीट कर उसे रविवार की रात घर से निकल दिया। जिसके चलते पहले उसने हाईवे पर ट्रक के सामने लेट कर आत्महत्या की कोशिश की, लेकिन चालक ने ट्रक रोक लिया। जिसके बाद पुल से नहर में कूदने का प्रयास किया। सिंभावली पुलिस ने बताया कि पति और ससुराल पक्ष के लोगों को बुलाकर कड़ी हिदायत देते हुए महिला को उनके सुपुर्द कर दिया गया है। संवाद