500 रुपये के विवाद में युवक को चाकू मारा
गढ़मुक्तेश्वर। नगर में 500 रुपये लेनदेन के विवाद में पड़ोसी ने युवक पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
नगर के मोहल्ला राजीव नगर निवासी संजय से पड़ोस में ही रहने वाले एक युवक ने कुछ दिन पहले पांच सौ रुपये उधार लिए थे। बुधवार की शाम संजय ने तकादा किया। जिसे लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। उस समय तो मौके पर मौजूद लोगों ने समझा कर दोनों को शांत करा दिया, लेकिन कुछ देर बाद ही आरोपी युवक संजय के पास पहुंचा और चाकू से उसके पेट में तीन वार किए, जिससे संजय लहूलुहान होकर गिर पड़ा। शोर मचाने पर पड़ोसी और मौहल्ले के लोगों को आता देखकर आरोपी भाग निकला। जिसके बाद परिजनों ने तुरंत ही घायल को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से चिकित्सकों ने गंभीर हालत देखते हुए उसे मेरठ के लिए रेफर कर दिया है। कोतवाली पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी की तलाश की जा रही है, जिसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। संवाद