रझैटी के बूथ पर सबसे कम हुआ मतदान
गढ़मुक्तेश्वर। गढ़ विधानसभा में दस प्रत्याशियों के लिए 67.66 प्रतिशत मतदाओं ने अपने-अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जिसमें गांव शंकराटीला के बूथ पर सबसे अधिक और गांव रझैटी के बूथ पर सबसे कम मतदान हुआ।
गंगा खादर क्षेत्र के खडगवंशी राजपूत बाहुल्य गांव शंकराटीला के प्राथमिक विद्यालय में बने बूथ 401 पर सर्वाधिक 88.99 प्रतिशत मतदान किया गया। इसके अलावा खादर क्षेत्र के ही गांव अब्दुल्लापुर में 88.66, आलमपुर भगवंतपुर के प्राथमिक विद्यालय में 87.69 प्रतिशत और प्राथमिक विद्यालय नयाबांस में 86.43, रामपुर न्यामतपुर के बूथ नंबर 150 पर 84.83 प्रतिशत और राजा रस्तौगी स्कूल के पिंक बूथ पर 83.36 प्रतिशत लोगों ने अपने-अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वहीं सबसे कम मतदान गांव रझैटी में पूर्व माध्यमिक विद्यालय के कमरा नंबर एक के बूथ संख्या 263 में सबसे कम 37.31 प्रतिशत वोट पड़े।
प्रत्याशियों के बूथों पर जमकर बरसे वोट
समाजवादी पार्टी-राष्ट्रीय लोकदल गठबंधन प्रत्याशी रविंद्र चौधरी ने अपने गांव राजपुर मढै़या के प्राथमिक विद्यालय के बूथ संख्या 93 पर मतदान किया। इस बूथ पर 71.67 पुरुष और 74.07 प्रतिशत महिलाओं ने मतदान किया। बूथ संख्या 93 पर 72.79 प्रतिशत मतदान हुआ।
वहीं कांग्रेस प्रत्याशी आभा चौधरी ने कनिया कल्याणपुर के प्राथमिक विद्यालय के बूथ 42 कमरा नंबर 1 में अपना वोट डाला। जहां पर 68.24 प्रतिशत पुरुष व 64.94 प्रतिशत महिलाएं अपना-अपना मत डालने पहुंचे। यहां पर कुल मिलाकर 66.78 प्रतिशत मतदान हुआ।
इसके अलावा भाजपा प्रत्याशी हरेंद्र सिंह तेवतिया ने हापुड़ विधानसभा क्षेत्र के गांव नूरपुर में मतदान किया। संवाद