चोरी के विरोध में व्यापारियों ने कोतवाली घेरी
गढ़मुक्तेश्वर। गढ़ में पुरानी दिल्ली रोड पर खड़ी व्यापार मंडल की कार का शीशा तोड़कर गैस किट का सिलिंडर चोरी होने के विरोध में व्यापारियों ने पुलिस पर गश्त में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए कोतवाली का घेराव कर हंगामा किया और घटना के जल्द खुलासे की मांग उठाई।
उप्र प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के गढ़ नगराध्यक्ष मूलचंद सिंघल ने रविवार को दर्जनों व्यापारियों के साथ गढ़ कोतवाली का घेराव कर हंगामा किया और कहा कि जब व्यापारी सुरक्षित नहीं हैं तो आम जनता अपने को सुरक्षित कैसे महसूस करे। मूलचंद सिंघल ने कहा कि शनिवार की रात को उनके मकान के बाहर उनकी कार खड़ी थी, किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा कार का शीशा तोड़ने के बाद डिग्गी में लगे गैस किट के सिलिंडर को चोरी कर ले गए। जिसका पता सुबह होने पर चल पाया। नगर अध्यक्ष की कार में चोरी होने की जानकारी मिलते ही व्यापारियों में आक्रोश व्याप्त हो गया, जिसे लेकर उन्होंने दोपहर में कोतवाली का घेराव किया और पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि कस्बे में पहले ही चार घटनाएं घटित हो चुकी है, लेकिन पुलिस उनका पर्दाफाश करने में नाकाम साबित हो रही है। जिससे व्यापारी वर्ग समेत आम जन भी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। व्यापारियों ने कोतवाली प्रभारी निरीक्षक से कहा कि यदि इसी तरह से घटनाएं होती रहीं, तो व्यापारियों को बाजार बंद कर सड़क पर उतरना पड़ेगा, इसलिए पुलिस कर्मियों को सचेत होने की आवश्यकता है। अन्यथा सर्दी के मौसम में चोरी की वारदातों में और बढ़ोतरी होगी। कोतवाली प्रभारी रघुराज सिंह ने घटनाओं का जल्द खुलासे को लेकर आश्वासन दिया और गश्त और पुलिस द्वारा वाहन चेकिंग बढ़ाने की बात भी कही। इस मौके पर सुबोध शर्मा, आशीष गर्ग, पंकज गर्ग, रामअवतार गर्ग, संजय कुमार, राजकुमार गोयल, इकबाल चौधरी, मोहित कंसल, श्रवण अरोड़ा, बब्बू पंडित, ललित गोयल, राहुल कुमार, अजय समेत दर्जनों व्यापारी मौजूद रहे। संवाद