दहेज की मांग पूरी न होने पर महिला की हत्या का आरोप
गढ़मुक्तेश्वर। कोतवाली क्षेत्र के गांव दौताई में संदिग्ध दशा में एक महिला की मौत हो गई है। गुस्साए मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल पक्ष के चार लोगों के खिलाफ दहेज हत्या में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
हापुड़ देहात थाना क्षेत्र के गांव सलाई निवासी कलवा ने बृहस्पतिवार को कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। जिसमें बताया कि अप्रैल 2018 में उसने अपनी बेटी अर्शी की शादी गढ़ कोतवाली क्षेत्र के गांव दौताई निवासी जावेद के बेटे साकिब से की थी। शादी में हैसियत के अनुसार दहेज भी दिया था। लेकिन कुछ समय बाद से ससुराल पक्ष के लोग दहेज में कार और पांच लाख की रकम मांगने लगे। जिसका विरोध करने पर रोजाना विवाद होता था। जिसको लेकर पहले भी समझौता किया जा चुका है। मृतका के पिता ने बताया कि 24 नवंबर की रात उसकी बेटी के साथ मारपीट की गई, हालत बिगड़ने पर उसे मेरठ के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसकी मौत हो गई। परिजनों ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए ससुराल पक्ष के खिलाफ हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को शांत करते हुए कार्रवाई का आश्वासन दिया।
कोट-
मृतका के पिता की तहरीर पर दहेज प्रतिषेद अधिनियम, महिला उत्पीड़न, दहेज से संबंधित हत्या के मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है, संबंधित मामले में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं, वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। - पवन कुमार, सीओ