जलभराव से खादर क्षेत्र के गांवों की टूट गईं सड़कें
गढ़मुक्तेश्वर। पहाड़ी इलाकों में बारिश कम होने से गढ़ क्षेत्र में गंगा नदी का जलस्तर भी सामान्य हो गया है। लेकिन कई दिनों से जलभराव होने के कारण खादर की सड़कें जगह-जगह से टूट गई हैं। वहीं खेतों में पानी भरा होने के कारण पशुओं के चारे की किल्लत बनी हुई है।
बरसात और बैराज से पानी डिस्चार्ज के चलते गढ़ क्षेत्र में गंगा नदी उफान पर आ गई थी, लेकिन पिछले चार दिनों से जल स्तर में गिरावट है। शुक्रवार की शाम गंगा का जलस्तर 198.25 मीटर दर्ज किया गया। जिससे खादर क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है, लेकिन जलभराव के कारण गांवों के लिंक मार्ग क्षतिग्रस्त हो गए हैं। किसान रामू, तेजेंद्र, कपिल, इंद्रजीत, चंद्रवीर, देवेंद्र, शिवचरण सिंह ने बताया कि गंगा नदी से पानी तो आना बंद हो गया है, लेकिन जो खेतों में रुका हुआ है। इसके कारण पशुओं के लिए चारा लाने के लिए गहरे पानी में होकर जाना पड़ रहा है।
बिजनौर से छोड़ा गया 55 हजार क्यूसेक पानी
बाढ़ नियंत्रण कक्ष मेरठ के अनुसार शुक्रवार की शाम केवल 55 हजार क्यूसेक जल का डिस्चार्ज किया जा रहा है। जो शनिवार की शाम तक क्षेत्र में पहुंचेगा, लेकिन इससे जलस्तर पर कोई विशेष प्रभाव नहीं होगा।
खादर क्षेत्र में पूर्व में पानी आने से लोगों को परेशानी तो हुई है, लेकिन राशन समेत अन्य आवश्यक कार्य, जिसमें स्वास्थ्य विभाग टीम, पशुधन विभाग टीम और सप्लाई विभाग को गांवों में जाने के लिए निर्देश दिया है। - विशाल यादव, एसडीएम