हरौड़ा रोड पर तीन दुकानों में चोरी
गढ़मुक्तेश्वर। सिंभावली क्षेत्र में हरौड़ा रोड पर चोरों ने तीन दुकानों के शटर तोड़कर हजारों रुपये की नकदी व सामान चोरी कर लिया। पीड़ित दुकानदारों ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
सिंभावली क्षेत्र के हरौड़ा रोड पर सिंभावली निवासी लोकेश कंसल की परचून की दुकान स्थित है। जिसके बराबर में हाजी मसकूर की क्रॉकरी और वीरेंद्र चौधरी की खल-चूरी की दुकान स्थित हैं। शुक्रवार की रात तीनों दुकानदार अपनी-अपनी दुकानें बंद कर घर चले गए। देर रात चोरों ने तीनों दुकानों के शटर तोड़ लिए। चोरों ने लोकेश कंसल की दुकान के गल्ले में रखी करीब 45 सौ रुपये की नकदी व सिगरेट की डिब्बी समेत कुछ अन्य सामान चोरी कर लिया। वहीं हाजी मसकूर की दुकान के गल्ले से करीब पांच हजार रुपये की नकदी चोर ले गए। वहीं, वीरेंद्र चौधरी का कहना है कि दुकान बंद करने के दौरान वह नकदी अपने साथ ले गया था, जिसके चलते गल्ले में करीब 200 रुपये की नकदी ही मौजूद थी, उसे भी चोरी कर ले गए। शनिवार की सुबह जब तीनों दुकानदार अपनी-अपनी दुकानों पर पहुंचे, तो शटर टूटे हुए देखे। जिसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल कर दुकानदारों से पूछताछ की।
इस संबंध में इंस्पेक्टर राजपाल सिंह तोमर का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। घटना स्थल की जांच करने के साथ ही चोरों की तलाश शुरू कर दी है। वहीं, इंस्पेक्टर ने बताया कि प्रतिदिन रात के समय क्षेत्र में गश्त की जाती है। वहीं पुलिसकर्मियों को लापरवाही बरतने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।