नकदी व जेवर लेकर महिला लापता
गढ़मुक्तेश्वर। सिंभावली क्षेत्र की एक कॉलोनी से जेवर और नकदी लेकर महिला संदिग्ध हालत में लापता हो गई। पति ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
सिंभावली क्षेत्र की एक कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति ने थाने में तहरीर दी है। बताया कि उसकी शादी करीब एक वर्ष पहले एटा जनपद के थाना जलेसर क्षेत्र निवासी एक युवती के साथ हुई थी। 12 अगस्त को वह अपने परिवार के साथ किसी काम से दिल्ली गया था। घर पर उसकी पत्नी अकेली थी। जो उसे और उसके परिजनों को सूचना दिए बिना ही घर से चली गई। फोन पर संपर्क करने पर उसने बताया कि वह अपने मामा के साथ मायके जा रही है, वहीं कारण पूछने पर कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दिया। जिसके बाद कई बार फोन किया गया, लेकिन उसने बात नहीं की। घर पहुंचने पर पता चला कि वह अपने साथ घर में रखी 20 हजार रुपये की नकदी और सोने-चांदी के जेवरात भी ले गई है। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर पत्नी की सकुशल बरामदगी की मांग की है। इंस्पेक्टर राजपाल सिंह तोमर ने बताया कि तहरीर के आधार पर महिला के अपहरण के संबंध में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है, महिला की तलाश की जा रही है।