हाई वोल्टेज आने से फुंक रहे बिजली उपकरण
गढ़मुक्तेश्वर। क्षेत्र के एक गांव में बिजली के हाई वोल्टेज आने के कारण घरेलू बिजली के उपकरण फुंकने से गुस्साए ग्रामीणों और भाकियू भानु के कार्यकर्ताओं ने बिजली दफ्तर पर पहुंचकर प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने बिजली से संबंधित समस्याओं के समाधान कराने की मांग उठाई। वहीं एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर जल्द समस्या के समाधान की मांग की।
मंगलवार को भाकियू भानु के प्रदेश महासचिव सरनजीत सिंह के नेतृत्व में गांव नानपुर के ग्रामीणों ने गढ़ तहसील परिसर में बने एसडीओ के कार्यालय पर पहुंचकर प्रदर्शन किया। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के गांव नानपुर में पिछले कुछ दिनों से हाई वोल्टेज बिजली सप्लाई हो रही है, जिसके चलते गांव में कई घरों के बिजली के उपकरण, जिसमें टीवी, फ्रिज, लाइट, एलईडी समेत अन्य सामान फुंक गया है। ग्रामीणों ने बताया कि इस बारे में कई बार विद्युत निगम के एक्सईएन एवं एसडीओ को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन उसमें कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। जिससे घरों में रहने वालों के लिए भी खतरा बना हुआ है।
भाकियू भानु के प्रदेश महासचिव सरनजीत सिंह ने कहा कि गांवों में बिजली से संबंधित कई समस्याएं हैं, लेकिन समस्याओं के निस्तारण की बजाए अधिकारी अनसुना कर देते हैं। इसके कारण गांव में लोगों को परेशानी हो रही है। वहीं कई घरों की पानी की मोटर और चारा काटने की मशीन भी बंद हो गई है, जिससे पेयजल समेत पशुओं को चारे की दिक्कत भी झेलनी पड़ रही है। जिसको लेकर ग्रामीण कृष्णवीर गब्बर, जितेंद्र, सचिन मोरल, टीटू गुर्जर, देवेंद्र, अमित, सुखबीर, जगदीश समेत अन्य ग्रामीणों ने एसडीओ के कार्यालय पर पहुंचकर नारेबाजी करते हुए एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।
एसडीओ हरि सिंह का कहना है कि शिकायत के आधार पर संबंधित गांव के अवर अभियंता और अन्य कर्मचारियों को मौके पर भेजकर जांच कराई जा रही है। जल्द ही ग्रामीणों की समस्या का समाधान करा दिया जाएगा। संवाद