हाईवे पर सड़क हादसे में दो लोगों की मौत
गढमुक्तेश्वर। सिंभावली और गढ़ में नेशनल हाईवे पर अज्ञात वाहन की चपेट में आकर महिला और युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जनपद मेरठ के सिसौली निवासी अरविंद शर्मा (24) पुत्र ओमपाल मंगलवार को बाइक पर सवार होकर गढ़ से हापुड़ की तरफ जा रहा था। जैसे ही वह सिंभावली में नेशनल हाईवे पर गांव सिंभावली फरीदपुर के पास पहुंचे तो किसी अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को चपेट में ले लिया, जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएचसी पहुंचाया। पुलिस ने पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सिंभावली थाना प्रभारी राजपाल सिंह तोमर ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, परिजनों से वार्ता की जा रही है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, ब्रजघाट में नेशनल हाईवे पर पुलिस चैकपोस्ट के पास सोमवार की रात एक महिला को अज्ञात वाहन की चपेट में ले लिया। महिला को गंभीर हालत में पुलिसकर्मियों ने एंबुलेंस बुलाकर उपचार के लिए सीएचसी भिजवाया। जहां महिला ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। ब्रजघाट पुलिस चौकी प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि शव की शिनाख्त की जा रही है, वहीं शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।