सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता के बयान दर्ज
गढ़मुक्तेश्वर। बहादुरगढ़ क्षेत्र के एक गांव में किशोरी को बहाने से घर में बुलाने और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम देने के मामले में पुलिस ने पीड़िता के बयान दर्ज कराए। पुलिस आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
बहादुरगढ़ क्षेत्र के एक गांव निवासी 13 वर्षीय किशोरी रविवार की रात कुछ सामान लेने के लिए घर से बाहर गई थी। रास्ते में पड़ोस में रहने वाली एक महिला ने उसे बहाने से अपने घर के अंदर बुला लिया। जहां पहले से मौजूद महिला के देवर और उसके साथी ने किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। इतना ही नहीं आरोपियों ने किसी से भी शिकायत करने पर किशोरी को जान से मारने की धमकी दी। बेटी से सामूहिक दुष्कर्म की जानकारी मिलने पर मां के होश उड़ गए। महिला ने तीनों आरोपियों राजदा, गुलहसन और शाहवाद को नामजद कर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी निरीक्षक अजय चौधरी ने बताया कि पीड़िता के बयान दर्ज करा दिए गए हैं। मामले की जांच कर तीनों आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। जिन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। संवाद