जुआ खेलने से रोका तो पत्नी को दिया 3 तलाक
गढ़मुक्तेश्वर। बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव में जुआ खेलने से रोकने पर पत्नी को तीन तलाक दे दिया। पीड़िता ने पति को नामजद कर थाने में तहरीर दी है। रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
जनपद बुलंदशहर के कोतवाली देहात क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने बहादुरगढ़ थाने में तहरीर दी है। बताया कि उसका निकाह बहादुरगढ़ क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक से करीब 15 साल पहले हुआ था। पीड़िता का आरोप है कि शादी के कुछ दिन बाद से ही उसके पति ने मारपीट व उत्पीड़न शुरू कर दिया। आरोपी जुआ खेलने का आदी है। जो जुआ खेलने के लिए घर से पैसे लेकर जाता है और हराने के बाद घर लौटकर उसके साथ अभद्रता, गाली-गलौज व मारपीट करता है। 19 जून की रात करीब आठ बजे आरोपी ने जुआ खेलने के लिए उससे रुपये मांगे। उसने पति को रुपये देने से इनकार करते हुए जुआ खेलने से भी रोका, जिससे वह नाराज हो गया। महिला ने बताया कि आरोपी ने मारपीट करते हुए तीन बार तलाक बोलकर घर से निकाल दिया। जिसके बाद वह किसी तरह अपने मायके पहुंची। जहां पहुंचकर परिजनों को घटना के संबंध में जानकारी दी। महिला ने पति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
इंस्पेक्टर अजय चौधरी ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी इमरान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच कर आरोपी की तलाश की जा रही है।
सख्त कानून के बाद भी सामने आ रहे मामले
अधिवक्ता पवन कंसल ने बताया कि तीन तलाक देने पर तीन साल तक की सजा का प्रावधान है। इसके साथ ही तलाक देने वाले व्यक्ति पर जुर्माना भी लगाया जाएगा। यदि किसी महिला को तीन तलाक दिया जाता है, तो वह अपने पति से मुआवजे की मांग भी कर सकती है। उन्होंने बताया कि सख्त कानून के बाद भी तीन तलाक के मामले लगातार सामने आ रहे हैं, जिसे लेकर जागरूक किए जाने की जरूरत है। संवाद