इंतजाम फेल: गंगा तट पर उमड़े 1.25 लाख श्रद्घालु , हाईवे पर 4 घंटे जाम
गढ़मुक्तेश्वर।रविवार को ज्येष्ठ गंगा दशहरा के अवसर पर पुलिस-प्रशासन की रोक के बावजूद 1.25 लाख श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा। लठीरा और पूठ के कच्चे घाटों पर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने डुबकी लगाई और बच्चों के मुंडन, पूजन एवं अन्य धार्मिक कर्मकांड संपन्न कराए। भीड़ की वजह से हाईवे पर करीब चार घंटे जाम के हालात बने रहे। दो गज दूरी और मास्क की गाइडलाइन का भी पालन नहीं हो सका।
कोरोना संक्रमण के मद्देनजर शासन के निर्देश पर डीएम अनुज सिंह ने ज्येष्ठ गंगा दशहरा पर गंगा स्नान समेत अन्य धार्मिक कर्मकांडों पर पूरी तरह रोक लगा दी थी। श्रद्धालुओं को रोकने के लिए बैरिकेडिंग, बैरियर लगाकर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। इसके बावजूद सुबह चार बजे से ही श्रद्धालुओं का ब्रजघाट पर आगमन शुरू हो गया। शुरू में पुलिसकर्मियों ने श्रद्धालुओं को रोकने की कोशिश की, लेकिन भीड़ के सामने सारे इंतजाम फेल हो गए।
गंगा तट पर पूजन, मुंडन संस्कार भी कराया
धार्मिक अनुष्ठान व कर्मकांड़ों पर रोक के बावजूद भी ज्येष्ठ गंगा दशहरा पर्व पर स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने पुरोहितों से तट पर भगवान सत्यनारायण की कथा सुनी। काफी श्रद्धालुओं ने नवजात शिशुओं का मुंडन संस्कार और गंगा पूजन भी संपन्न कराया। इस दौरान गंगा के सभी स्नानघाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मौजूद रही।
हाईवे पर जाम से लोग बेहाल
गंगा दशहरा पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमडने से हाईवे पर वाहनों का दबाव बन गया। जिसके चलते सुबह दस बजे से ही टोल प्लाजा और गंगा पुल के पास जाम की स्थिति बन गई। लोगों को तीन किलोमीटर का सफर करने में एक घंटे से अधिक का समय लगा। वहीं काफी लोगों ने ब्रजघाट के निकट हाईवे किनारे वाहन खड़े कर दिए, जिससे जाम की समस्या और बढ़ गई। जाम में फंसकर राहगीर हलकान हुए। सीओ पवन कुमार, कोतावाली प्रभारी शीलेश कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मी जाम से निपटने की कवायद करते रहे, इसके बावजूद भी करीब दो बजे जाम की समस्या से निजात मिल सकी।
एसपी, एएसपी ने किया निरीक्षण
रविवार को एसपी नीरज कुमार जादौन और एएसपी सर्वेश मिश्रा ब्रजघाट पहुंचे, जिन्होंने हाईवे पर जाम को देखकर नाराजगी जताई। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं को जल्द से जल्द वापस भेजने और जाम खुलवाने का निर्देश दिया लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका।
हर साल चार लाख श्रद्धालु पहुंचते थे
श्रद्धालुओं को गंगा तट तक पहुंचने से रोकने के लिए समुचित प्रबंध किए गए थे, श्रद्धालुओं को काफी समझाने की कोशिश भी की गई। समझाने के बावजूद भी काफी लोगों ने तट पर पहुंचकर स्नान किया। ज्येष्ठ दशहरे पर करीब चार लाख श्रद्धालु ब्रजघाट पहुंचते थे, प्रतिबंध के चलते संख्या काफी कम रही। - सर्वेश कुमार मिश्रा, एएसपी