हरियाणा पुलिस ने सिंभावली में दी दबिश
गढ़मुक्तेश्वर। हरियाणा पुलिस ने सिंभावली क्षेत्र के गांव सिंभावली फरीदपुर में दबिश देकर आईटी एक्ट व युवती से छेड़छाड़ के मामले में वांछित चल रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। जिसे साथ लेकर हरियाणा पुलिस वापस लौट गई है।
सिंभावली थाना क्षेत्र के गांव सिंभावली फरीदपुर निवासी राहुल पर हरियाणा प्रदेश के जनपद हिसार, थाना बरवाना में एक युवती ने 28 नवंबर 2020 को उसका पीछा करने और चोरी से फोटो खींचने और आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया था। तभी से हरियाणा पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी। शुक्रवार को बरवाना पुलिस टीम एसआई राजेश कुमार के नेतृत्व में सिंभावली थाने पहुंची। जहां से सिंभावली पुलिस को साथ लेकर गांव में दबिश दी। एसआई राजेश कुमार ने बताया कि आरोपी को उसके घर से ही गिरफ्तार कर लिया है। वहीं सिंभावली थाना प्रभारी निरीक्षक राजपाल सिंह तोमर ने बताया कि हरियाणा पुलिस के साथ दबिश देकर आरोपी राहुल को गिरफ्तार कर लिया है। जिसका मेडिकल परीक्षण कराकर हरियाणा पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस टीम आरोपी को अपने साथ लेकर वापस लौट गई है। संवाद