कोतवाली के पास मेडिकल स्टोर से सामान व नकदी चोरी
गढ़मुक्तेश्वर। नगर में कोतवाली रोड पर एक मेडिकल स्टोर का चोरों ने शटर का ताला तोड़कर हजारों रुपये का सामान व नकदी चोरी कर ली। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
गढ़ नगर की जैन कॉलोनी निवासी अंकित चौधरी ने कोतवाली में तहरीर दी है। बताया कि उन्होंने कोतवाली रोड पर बाग कॉलोनी के सामने दस दिन पूर्व एक मेडिकल स्टोर खोला था। पीड़ित ने बताया कि वह मंगलवार की रात करीब दस बजे मेडिकल स्टोर बंद कर घर गया था। जब बुधवार की सुबह स्टोर खोलने पहुंचा तो शटर पर लगे ताले गायब थे। उसने अंदर जाकर देकर तो बैटरी और इंर्वटर समेत गल्ले में रखी करीब आठ हजार रुपये नकदी गायब मिली। पीड़ित ने पुलिस को मामले की सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मेडिकल स्टोर में जांच पड़ताल की। पीड़ित ने कोतवाली में अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी है।
नगर के लोगों का कहना है कि कोतवाली से मात्र 2 सौ मीटर की दूरी पर चोरों द्वारा घटना को अंजाम दिया गया है। वहीं रात्रि कर्फ्यू में पुलिस द्वारा गश्त किए जाने की पोल भी खुल रही है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शीलेश कुमार का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच कराई जा रही है। वहीं संबंधित रास्तों के सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले जा रहे है। जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा। संवाद