आलमपुर में बंद मकान से जेवर व सामान चोरी
गढ़मुक्तेश्वर। गढ़ नगर में चोरों ने बंद मकान का ताला तोड़कर जेवरात व सामान चोरी कर लिया। मकान मालिक ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
गढ़ क्षेत्र के गांव आलमपुर भगवंतपुर निवासी जयभगवान शर्मा ने सोमवार को थाने में तहरीर दी है। बताया कि उसने एक मकान गढ़ नगर में नक्का कुआं रोड पर शनि देव मंदिर के सामने स्थित कॉलोनी में बनाया हुआ है। जिसमें उसने सतेंद्र यादव और दिनेश कुमार को अलग-अलग कमरे किराए पर दिए हुए हैं। जयभगवान ने बताया कि दोनों किराएदार करीब एक सप्ताह पहले परिवार समेत अपने-अपने गांव चले गए, जिसके चलते मकान बंद है। 30 मई की रात चोर छत के रास्ते घर में घुस गए, जिन्होंने दोनों किराएदारों के कमरों के ताले तोड़कर उनमें रखे सोने-चांदी के जेवरात, घरेलू सामान, कीमती कपड़े समेत अन्य सामान चोरी कर लिया। सोमवार की सुबह वह देखरेख के मद्देनजर गढ़ के मकान पर पहुंचा, तो उसे घटना का पता चला। जिसके बाद उसने दोनों किराएदारों को भी इसकी सूचना दी। जयभगवान ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
इंस्पेक्टर शीलेश कुमार का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच करते हुए चोरों की तलाश की जा रही है। चोरी हुए सामान का सही आंकलन दोनों किराएदारों के आने के बाद हो सकेगा।