गढ़-मेरठ रोड पर मिनी ट्रक की टक्कर से बच्चे की जान गई
गढ़मुक्तेश्वर। गढ़-मेरठ रोड पर गांव दौताई के सामने तेज रफ्तार मिनी ट्रक ने एक बच्चे को टक्कर मार दी, जिससे बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं नेशनल हाईवे पर दो बसों की टक्कर में छह यात्री मामूली रुप से घायल हो गए।
गढ़ क्षेत्र के गांव दौताई निवासी इरशाद का नौ वर्षीय बेटा अबूजर सोमवार की दोपहर अपने चाचा शमशाद के साथ किसी काम से बाहर जा रहा था। दोनों गढ़-मेरठ रोड पर वाहन के इंतजार में सड़क के किनारे खड़े हुए थे। इसी बीच गढ़ की तरफ से जा रहे तेज रफ्तार मिनी ट्रक ने अबूजर को टक्कर मार दी। जिससे अबूजर गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक मिनी ट्रक को मौके पर ही छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया। घटना के संबंध में मृतक के चाचा शमशाद ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ तहरीर दी है।
वहीं गढ़ क्षेत्र में गांव अल्लाबख्शपुर के निकट सोमवार की सुबह पेट्रोल पंप के निकट डग्गामार बस और रोडवेज बस की टक्कर गई। घटना में बसों में सवार करीब छह सवारी मामूली रुप से चोटिल हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को उपचार के लिए भर्ती कराया। उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी।
कोतवाली प्रभारी शीलेश कुमार ने बताया कि मृतक बच्चे के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मिनी ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश की जा रही है। वहीं ब्रजघाट चौकी इंचार्ज अमित सिंह ने बताया कि दोनों वाहनों के चालकों के बीच समझौता होने के चलते कोई कार्रवाई नहीं की गई है। घायलों को उपचार के बाद उनके गंत्वयों के लिए भेज दिया गया है। संवाद