गढ़ के गांवों में बनीं समितियां, घरों को किया जा रहा सैनिटाइज
गढ़मुक्तेश्वर। कोरोना संक्रमण से मुक्त चल रहे कई गांवों में लोगों की जांच व वैक्सीनेशन के लिए शिविर लगाए जा रहे हैं। कुछ गांवों में अभी कैंप नहीं लग सके, लेकिन ग्राम प्रधानों और ग्रामीणों की जागरूकता के चलते गढ़ ब्लॉक क्षेत्र के करीब 18 गांव कोरोना मुक्त हैं। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग का प्रयास है कि जल्द ही सभी गांवों में कोरोना की जांच और वैक्सीनेशन किया जाए। संक्रमित गांवों में भी जांच और वैक्सीनेशन तेजी से कराया जा रहा है।
गांव लठीरा : बाहरी लोगों व रिश्तेदारों के आगमन पर रोक
ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत लठीरा में वैक्सीनेशन और कोविड जांच के लिए अभी कोई कैंप नहीं लगा है। लेकिन करीब 1800 की आबादी का गांव अभी तक कोरोना संक्रमण से मुक्त है। ग्राम प्रधान निरंजन सिंह युवा टीम के साथ गांव में सैनिटाइजेशन और सफाई व्यवस्था में जुटे हुए हैं। यदि कोई व्यक्ति जरा सा भी बीमार होता है, तो तुरंत अस्पताल ले जाकर जांच कराई जाती है। साथ ही गांव में बाहरी लोगों व रिश्तेदारों के आगमन पर भी फिलहाल रोक लगा दी गई है।
-स्वास्थ्य विभाग से जल्द ही गांव में कैंप लगाकर पात्र लोगों के वैक्सीनेशन की मांग की गई है। सफाई व सैनिटाइजेशन पर विशेष जोर दिया जा रहा है।-निरंजन सिंह, ग्राम प्रधान
गांव शंकराटीला : वैक्सीनेशन कैंप नहीं लगा
करीब 15 सौ की आबादी वाले गांव शंकराटीला में महामारी की रोकथाम के लिए बार-बार सैनिटाइजेशन कराया जा रहा है। गांव में अभी तक वैक्सीनेशन कैंप नहीं लगा है। ग्रामीण वैक्सीन लगवाने का इंतजार कर रहे हैं। क्योंकि गढ़ समेत अन्य अस्पतालों में वैक्सीन लगवाने जाने के लिए काफी दूर जाना पड़ता है। गांव में अभी तक एक भी व्यक्ति कोरोना संक्रमण से ग्रस्त नहीं हुआ है। प्रतिदिन सफाई कराने के साथ ही ग्रामीणों को कोविड नियमों का पालन करने के लिए भी जागरूक किया जा रहा है।
-गांव में सफाई, सैनिटाइजेशन के साथ ही ग्रामीणों को लगातार जागरूक किया जा रहा है। वैक्सीन लगवाने के लिए ग्रामीण काफी उत्सुक हैं। स्वास्थ्य विभाग से गांव में वैक्सीन लगाने की मांग की गई है। जल्द सभी को वैक्सीन लगवाई जाएगी। - संजय कुमार, प्रधान
गांव सेहल : निगरानी समिति लगातार नजर रख रही
करीब 7000 लोगों की आबादी के गांव सेहल वर्तमान में कोरोना संक्रमण से पूरी तरह मुक्त है। बुखार समेत अन्य बीमारियों से कुछ ग्रामीण पीड़ित हैं, जिनका उपचार चल रहा है। ग्राम निगरानी समिति के लोग गांव में घर-घर जाकर लोगों के स्वास्थ्य की जानकारी ले रहे हैं। लेकिन ग्रामीणों को अभी भी वैक्सीनेशन का इंतजार है। ग्रामीणों के सहयोग से ग्राम पंचायत स्तर से लगातार सफाई और सैनिटाइजेशन चल रहा है।
कोरोना संक्रमण आसपास के गांवों में फैला हुआ है, जिसे लेकर विशेष सावधानी बरती जा रही हैं। निगरानी समिति बाहर से आने वालों पर नजर रखे हुए है। स्वास्थ्य विभाग ने जल्द ही गांव में कैंप लगाने का आश्वासन दिया है।-राजेंद्र सिंह, प्रधान