तालाब में कूदकर युवक ने आत्महत्या की
गढ़मुक्तेश्वर। गांव शरीफपुर में एक युवक ने घर में हुए विवाद के चलते तालाब में कूदकर जान दे दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद मृतक का गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया है। परिजनों में शोक व्याप्त है।
थाना सिंभावली क्षेत्र के गांव शरीफपुर निवासी जितेंद्र (33 वर्ष) बुधवार की रात करीब 10 बजे घर से निकल कर गांव की आबादी के बाहर स्थित तालाब में कूद गया। जिसका पीछा कर रहे परिजनों ने शोर मचाया, तो मौके पर ग्रामीण एकत्र हो गए। कुछ युवकों ने उसको तालाब में तलाश करने की कोशिश की, लेकिन नाकाम रहे। जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से जितेंद्र की तालाब में तलाश की, तो उसका शव बरामद हो गया। युवक का शव देखकर परिजनों में कोहराम मच गया है। ग्रामीणों के अनुसार युवक का अपने परिजनों से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। जिसके चलते उसने यह कदम उठाया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद बृहस्पतिवार को गांव में ही गमगीन माहौल में मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
एसओ राजीव बालियान ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद मृतक का शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। जिसका अंतिम संस्कार करा दिया गया है। इस संबंध में कोई तहरीर नहीं मिली है। संवाद